Saturday, January 21, 2017

पानी के लिए हाहाकार

तमिलनाडु का दूसरा सबसे बड़ा शहर कोवई पेयजल संकट से त्राहि-त्राहि कर रहा है। कुछ महीने पहले तक चार दिन में एक बार नलों में दिखाई देनेवाला पानी पहले सात दिन में एक बार आया और अब बारह दिन में एक बार नमूदार हो रहा है। हालात इतने भयावह हो गए हैं कि शहर के प्रमुख अस्पताल कोवई मेडिकल कॉलेज व अस्पताल में कई पीडि़तों की शल्य चिकित्सा रोक देनी पड़ी, क्योंकि अस्पताल में पर्याप्त पानी नहीं था। नगर निगम ने टैंकरों से जलापूर्ति के इंतजाम का दावा किया है लेकिन प्रयास ऊंट के मुंह में जीरा ही है। जलदाय विभाग करे भी तो क्या,

शहर की जीवनरेखा सिरुवानी में पानी नहीं है। स्थिति का फायदा उठाने के लिए पानी के व्यापारियों ने पेयजल के केन की कीमत बढ़ा दी है जिसकी वजह से कच्ची बस्तियों में तो बूंद-बूंद के लिए हाहाकार है। कोढ़ में खाज की तरह गर्मी दस्तक दे रही है। सतह पर तो पानी गायब हो ही रहा है, भूजल स्तर भी नीचे गिर गया है। आरएस पुरम जैसे इलाकों में भवनों में पानी नदारद होता जा रहा है और लोगों को दैनिक क्रियाओं के लिए भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शहर में पहले सौ से अधिक झीलें थीं जो शहर के तापमान को तो नियंत्रित रखती ही थीं भूजल स्तर को भी थामे रखती थीं। इनमें से आधी अब इतिहास का हिस्सा बन चुकी हैं। कई जलाशय, तालाब व झीलें या तो दम तोड़ चुके हैं या फिर आखिरी सांसें गिन रहे हैं। जो झीलें बची भी हैं वे अतिक्रमण की शिकार हो रही हैं। इस वर्ष उत्तर-पूर्व मानसून के दगा दे जाने के कारण हालात बदतर हो गए। पेयजल संकट का सबसे बड़ा कारण जल संसाधनों का अति उपयोग या दुरुपयोग है। तमिलनाडु जैसे कम बारिश वाले राज्य में वर्षा जल का समुचित संरक्षण नहीं होना आश्चर्यजनक ही नहीं, चिंताजनक भी है। एक ऐसा राज्य जो पानी के लिए पड़ोसी राज्यों के सहयोग, समझौतों, प्राधिकरणों व न्यायालय के आदेशों पर निर्भर करता हो, वहां तो बूंद-बूंद पानी को सहेजने के जतन होने चाहिए थे लेकिन लगता है नीति-नियंताओं को इससे कोई लेना-देना नहीं। इन्हें तो कोई चुल्लूभर पानी दे दे तो अच्छा होगा। सरकार ने सभी जिलों को सूखा पीडि़त घोषित करके और केन्द्र सरकार से ३९,५६५ करोड़ रुपए की मांग करके अपनी जिम्मेदारी की इतिश्री कर ली है। रुपए मिल जाएंगे तो सरकार किसानों को रुपए थमा देगी और अगले साल फिर ऐसे ही हालात हुए तो फिर ऐसे ही किसानों की मदद की जाएगी। इस तरह सरकार की मौजूदगी का एहसास बनाए रखा जाएगा। फिर अगले साल का इंतजार किया जाएगा। नागरिकों के भाग्य में फिर उड़ती धूल, बहता पसीना, मुरझाती फसलें और सूखते होठ लिख दिए जाएंगे। कोयम्बत्तूर में एक तो कम बरसात होती है, होती भी है तो सारा पानी बेकार बह जाता है। वर्षा जल का संग्रहण व संरक्षण करके बरसाती पानी का दोबारा उपयोग करने के समुचित इंतजाम किए बिना इस समस्या का समाधान नहीं हो सकता। आवश्यक है कि वर्षा का जल बचाने के लिए सरकार अपने स्तर पर भी प्रयास करे और आम लोगों को, विशेषकर भवन मालिकों को वर्षाजल संग्रहण के लिए प्रोत्साहित करे। जल संरक्षण की तकनीक ही नहीं, इसका महत्व भी आम लोगों को बताया जाए और प्रोत्साहन राशि देकर जन सहभागिता को बढ़ाने का प्रयास किया जाए। विद्यार्थियों को पर्यावरण के साथ ही जल संरक्षण के बारे में शिक्षित व जागरूक किया जाना चाहिए। तालाबों, झीलों के पुनरोध्दार का अभियान चलाकर लोगों को  पानी का दुरुपयोग नहीं करने के लिए प्रेरित किया जाए। जल संरक्षण हमारी पहली चिंता होनी चाहिए, यह समय की मांग है और आनेवाली पीढिय़ों के लिए पानी बचा रहे, यह हमारी जिम्मेदारी भी है।

Wednesday, January 11, 2017

प्रकृति और परमात्मा की मिलन स्थली


संतोष पाण्डेय@कोयम्बत्तूर.




तीन तरफ पश्चिमी घाट की पहाडिय़ां, हरियाली को चूमती, इठलाती, सरसराती हवा। महानगरीय प्रदूषण से अछूती, जंगलों में पली हवा जिसे प्राणों में भर लेने का मन करे और भीतर उतरते ही रोम-रोम के पुनर्नवा होने का एहसास हो। और फिर सामने भगवान कार्तिकेय का मंदिर। कार्तिकेय को दक्षिण मेंं मुरगन कहा जाता है। कोयम्बत्तूर से लगभग १५ किलोमीटर की दूरी बना यह मंदिर मरुदमलई मुरगन मंदिर के नाम से जाना जाता है। मरुद और मलई को मिलाकर बना यह शब्द बताता है कि पश्चिमी घाट की इन पहाडिय़ों पर मरुत के पेड़ बहुतायत में हैं जिनकी वजह से इसे मरुदमलई कहा गया। मरुद के पेड़ जिन्हें अर्जुन भी कहा जाता है, अपने औषधीय गुणों के लिए जाने जाते हैं। हृदय के रोगों में विशेष लाभकारी माना जाता है। मरुद के छितराए हुए पेड़ों की अनंत श्रृंखला के बीच बना यह मंदिर भी हृदय को असीम शांति और सुकून से भर देता है। ‘जंगल में मंगल’ की कहावत किसी ऐसे ही मंदिर को देखकर बनी होगी। मंदिर द्रविण स्थापत्य कला का नमूना तो है ही, उस अदृश्य शक्ति के प्रति मनुष्य की आस्था का बेजोड़ प्रमाण भी है, जिसे विभिन्न नामों से पुकारा या पूजा जाता है। ‘हरोहरा’, ‘हरोहरा’, ‘हरोहरा’ का उच्चारण करते हुए काले शर्ट व काली लुंगी पहने मंदिर की सीढिय़ां चढ़ते लोगों का उत्साह देखते ही बनता है। सबरीमाला मंदिर जानेवाले श्रध्दालु सबरीमाला जाने से पहले यहां पूजा-अर्चना के लिए आते हैं। सीढिय़ां चढ़ते ही सबसे पहले विघ्नविनाशक का मंदिर है। यहां पूजा-अर्चना के बाद ऊपर चढि़ए तो भगवान कार्तिकेय के दर्शन होते हैं। इतना प्रसिध्द और प्राचीन मंदिर, फिर भी भिखारी दिखाई नहीं देते, अच्छा लगता है। मंदिर से कोयम्बत्तूर शहर का विहंगम नजारा दिखाई देता है। ऐसा लगता है जैसे समूचा शहर मुरगन के चरणों में बसा हो और उनके समक्ष नतमस्तक हो। शाम के साथ पहाडिय़ों की खूबसूरती बढऩे लगती है। ढलता सूरज पहाडिय़ों की आभा को और भी बढ़ा देता है। जैसे सूरज पहाडिय़ों को अखंड सौभाग्यवती होने का आशीष देता हुआ उनके माथे पर सिंदूर लगा देना चाहता हो। शाम ढलते ही आकाश में चांद उगता है। भरे-पूरे चांद को देखकर पहाडिय़ां दुल्हन की तरह सज उठती हैं। यहां प्रकृति की सुषमा चरम पर है और ऐसा लगता है जैसे प्रकृति और परमात्मा की मिलन स्थली हो।
उत्तर में कार्तिकेय व दक्षिण में मुरुगन नाम से लोकप्रिय भगवान शंकर के पुत्र का यह मंदिर बारहवीं शताब्दी में निर्मित हुआ। पेरूर पुराणम की एक कथा के अनुसार आसुरी प्रवृत्तियों के नाश के लिए भगवान शंकर के आदेशानुसार भगवान मुरगन का आगमन हुआ। मंदिर का महात्म्य ऐसा है कि प्रतिदिन यहां हजारों लोग खिंचे चले आते हैं। इनमें स्थानीय लोगों के साथ ही कोयम्बत्तूर व आसपास के शहरों में बसे उत्तर भारतीय लोग भी दिखाई देते हैं। कोयम्बत्तूर आनेवाले विदेशी पर्यटकों के लिए भी मंदिर आकर्षण का केन्द्र है।
मरुदमलई मुरगन मंदिर जाने के लिए कोयम्बत्तूर के सभी प्रमुख इलाकों से बस की सुविधा है जो पहाड़ी के पास तक जाती है। वहां से मिनी बस में बैठकर दस रुपए किराए में मरुदमलई पहुंचा जा सकता है। बस से न जाना चाहें तो सीढिय़ों के सहारे भी यह दूरी तय की जा सकती है। सीढिय़ां लगभग ८५० हैं। शहरों में किसी इमारत की सीढिय़ां पहाड़ सी लगती हैं यहां पहाडिय़ों की सीढिय़ां भी चंद कदमों में सिमट जाती हैं। यह मरुद के पेड़ों से छनकर आती हवा का कमाल है, भगवान मुरुगन की कृपा है या कुछ और, यह तो मुरगन ही जानें। मंदिर के पट सुबह साढ़े पांच बजे खुल जाते हैं और दोपहर एक बजे बंद हो जाते हैं। दोपहर दो बजे के बाद शाम साढ़े आठ बजे तक पूजा-अर्चना की जा सकती है।
पम्पाती सिध्दार गुफा
मंदिर से नीचे उतरते ही पूर्वी तरफ एक संकरा रास्ता पम्पाती सिध्दार गुफा की ओर ले जाता है। कहा जाता है कि यहां सिध्दों ने ध्यान किया और सांसारिक बंधनों से मुक्ति प्राप्त की। सांसारिक बंधनों से मुक्त होने का यही संदेश यहां हवा के साथ कानों में सरगोशियां करने लगता है। संसार के सुख तुच्छ और फीके लगने लगते हैं। मन करता है, बस बैठे रहें, देखते रहें, अघाते रहें। शहरों की आपाधापी में मनुष्य ने क्या खोया है, इसका एहसास यहीं होता है। अंत में फिर आने, बल्कि फिर-फिर आने की कामना मन में लिए लौटना पड़ता है।

Wednesday, December 14, 2016

गांव में आ रहा बदलाव








इस बार गांव का मौसम बेहद सुहावना था। सर्दी अपने पांव पसार रही थी। न्यूनतम तापमान दस डिग्री के आसपास बना हुआ था। कुछ दिनों बाद कोहरे ने भी रंग दिखाया। ऐसे मेंं ताजी अदरक की चाय की चुस्कियां, लिट्टी-चोखा, मित्रों से मुलाकातें और दो-चार दिन के अंतराल के बाद निमंत्रण अर्थात् कचौड़ी-सब्जी का मजा ही कुछ और था। पालक सस्ती तो थी ही, ताजी भी थी, यहां कोयम्बत्तूर में १३० रुपए किलो मिलनेवाली मटर वहां महज ४० रुपए किलो में। वह भी ताजी और स्वाद ऐसा कि कच्चे ही चबाने का मन करे। आलू दस रुपए किलो मिल रही थी। बाजार से सब्जी लेकर आते समय खुशी होती थी। सौ रुपए लेकर जाओ तो झोला भरकर सब्जी लाओ। ताजी और स्वाद से भरपूर सब्जियां। बड़े शहरों में न तो यह स्वाद है और न ही पौष्टिकता।
गांव के सरकारी प्राथमिक स्कूलों में अब बच्चों की संख्या घट रही है। ज्यादातर बच्चे अंग्रेजी माध्यम के स्कूलों में पढ़ रहे हैं। क, ख, ग के बजाय एबीसीडी सीखने को प्राथमिकता दे रहे हैं। सुबह हार्न बजाती हुई स्कूल वैन पहुंचती है और शाम को घर के पास छोड़ देती है। फीस ज्यादा है लेकिन ऐसे स्कूल अब प्रतिष्ठा से जुड़ गए हैं। लोग बताते हैं कि अब वही बच्चे सरकारी स्कूल जाते हैं जिनके अभिभावक बेहद दीन-हीन हैं।
गांव के बाहर की सडक़ मरम्मत होने के बाद से ही दुर्घटना वाली सडक़ बनती जा रही है। आए दिन भिड़ंत होती रहती है। कई लोगों की जान जा चुकी है। गांव में बारात आई थी। कोहरा भी घिरा था। भिड़ंत हुई दो लोगों को मरहम-पट्टी करानी पड़ी।
गांव में आ रहा बदलाव सुबह ही दिखाई देना लगता है। मौसम बरसात का हो, या शीतलहर चल रही हो, गर्मी के दिन हों या कोहरे के कारण दस मीटर की दूरी पर भी कुछ भी देखना मुश्किल हो, इन सबको परास्त करते हुए लोग अब अलसुबह ही सडक़ पर दिखाई देने लगते हैं। कभी राजरोग कहे गए शुगर और बीपी जैसे रोग अब मध्यमवर्ग को चपेट में लेने लगे हैं। इनसे बचने या नियंत्रित रखने के लिए टहलने निकल पड़ते हैं। इनमें वे महिलाएं भी शामिल हैं जिनके पहले की पीढिय़ां जांत से गेहंू पीसती थीं, चकरी पर दाल दलती थीं और जीवनशैली से जुड़े रोगों के बारे में जानती भी नहीं थीं।
एक दिन टहलने जा रहा था तो देखा कि एक लडक़ा साइकिल से ईंट ढो रहा था। वह भी साइकिल के डंडे वाले हिस्से के नीचे। आसान नहीं था लेकिन कहते हैं कि आवश्यकता आविष्कार की जननी है।

Monday, October 24, 2016

बुढिय़ामाई

आज पत्नी से बात करते हुए अचानक मुंह से निकला कि इस बार गांव चलेंगे तो बुढिय़ामाई के लिए कुछ ले चलेंगे।
बुढिय़ामाई! शब्द सहज ही मुंह से निकल गया था। अपनी आजी(दादी मां) को हम लोग बुढिय़ामाई कहते थे।
पत्नी ने भी वही शब्द दोहराया और मेरा मुंह देखने लगी।
बुढिय़ामाई! जिसे गए हुए दो साल होने को आ रहे हैं। आज भी अचानक याद आ जाती है। उसका चेहरा, सन की तरह बाल, लम्बी-लम्बी अंगुलियां, ममता से भरी आंखें और आशीर्वाद में गंगा-जमुना की तरह बढऩे का आशीर्वाद देती हुई।
बुढिय़ामाई १९ वर्ष की आयु में जो विधवा हुईं तो सुखों से जैसे जिंदगीभर के लिए नाता टूट गया और संघर्ष हमसफर बन गया। घोर गरीबी, हर कदम संघर्ष, हर सांस पीड़ा। लेकिन मजाल है कि चेहरे पर कभी दर्द छलका हो। हमेशा दर्द को पीती-परास्त करतीं रहीं। ९२-९३ वर्ष की उम्र में जब मौत हुई, तब तक न तो शुगर था और न ही बीपी।
पुरुष सत्तात्मक समाज में १९ वर्ष की विधवा, वह भी ब्राह्मण परिवार की। कितना कठिन रहा होगा जीवन। मैंने बचपन में होश संभाला तो पिता जी दूसरी शादी कर चुके थे और चाचा जी अलग दूसरे गांव में रहते थे। एक पैसे की भी आमदनी नहीं थी और खेती-बारी से इतना नहीं होता था कि गुजारा हो सके। हम लोगों को पता नहीं था कि अन्य बच्चों से हमारा भाग्य अलग है। हम भी दूसरे बच्चों की तरह खिलौनों, कपड़ों, खाने-पीने की वस्तुओं की जिद करते और दादी मां उस जिद को पूरा करती थीं। कैसे, कहां से, भगवान जानें। पिता, दादा या दादी सब कुछ बुढिय़ामाई ही थीं।
दादी मां किसी पुरुष की तरह खटती थीं। दिन हो या रात, अंधेरा हो या बरसात, कुछ भी उनके कदमों को रोक नहीं पाता था। गजब की जीवंतता थी। कहते हैं, जिनके दिल साफ होते हैं, वे दूसरों पर सहज ही विश्वास कर लेते हैं। बुढिय़ामाई ऐसी ही थीं। सब पर विश्वास करतीं थीं।
एक बात जो अब लोगों में दिखाई नहीं देती, वह यह कि बुढिय़ामाई सबसे ऐसे हुलस कर मिलती थीं, जैसे वह भगवान हों। बुढिय़ामाई के बारे में लिखने बैठता हूं तो दिल में कुछ उमडऩे-घुमडऩे सा लगता है। इतनी सारी यादें जीवंत हो उठती हैं और मन करता है, रोता रहूं।
बुढिय़ामाई बहुत बड़ी थीं। दुखों के पहाड़ के समक्ष अविचलित, अडिग, अपराजित। आदमी या औरत का कद ऐसे ही तो तय होता है, कि वह दुखों के सामने किस रूप में नजर आया। भरभराकर गिरा या चट्टान की तरह खड़ा रहा। जीवटता ही तो जिंदगी को वास्तविक आकार देती है। मेरा तो मानना है कि दुखों के बिना जीवन में बहुत बड़ी कमी रह जाती है। दुख जीवन का सबसे चटख, गाढ़ा रंग है, मांजता है, सजाता है, पकाता है जैसे धूप में पकी हुई बालियां या चूल्हे में पकती हुई रोटी।

Monday, October 17, 2016

फिर कोई ‘मुच्छड़’ नहीं होगा!

शत-शत नमन् और श्रध्दांजलि
‘बाबू’ के नहीं रहने की खबर व्हाट्सएप से मिली। जून में गांव गया था तो मन में एक चाह थी कि बाबू के दर्शन कर आऊं। पता नहीं, फिर भेंट हो न हो। बाबू के पांव छुए तो दिमाग पर थोड़ा सा जोर देने के बाद उन्होंने थोड़ी देर में ही पहचान लिया था। मुझे बहुत खुशी हुई थी। पूर्वी उत्तर प्रदेश के जिस इलाके का हूं वहां पिता को भी सम्मान से ‘बाबू’ कहते हैं। मैं भी उन्हें ‘बाबू’ कहता था। सच तो यह है कि पिता जैसा प्यार यदि किसी से मिला तो उन्हीं से मिला इसलिए एक अदृश्य अपनापन जुड़ा रहा। जब उनके साथ रहता था तो कभी उन्होंने इस बात का एहसास नहीं होने दिया कि मैं उनका सगा बेटा नहीं था और मैं भी सदा श्रध्दा से नतमस्तक रहा। निम्हांस में जब वे भर्ती थे तो मैंने उन्हें आम खिलाया था। मुझे जिस संतोष की अनुभूति हुई थी, वह शब्दातीत है। जिस आदमी ने हजारों बार खिलाया हो, उसे एक बार भी कुछ खिलाना मेरे लिए बेहद सौभाग्य का पल था। ‘बाबू’ की ढेर सारी आदतों में एक आदत यह भी थी कि वे जब भी कुछ खाते थे, दूसरों को खिलाकर ही खाते थे। ऐसी उदारता कितने लोगों में है?
गांव गया था तो पिछले कुछ सालों से अस्वस्थ चल रहे ‘बाबू’ चारपाई पर लेटे थे। हमेशा दूसरों की मदद की, अब दैनिक क्रियाओं के लिए भी दूसरे पर निर्भर थे। यह देखना बेहद दुखद था। यह उम्र की क्रूरता थी या क्या था, समझ नहीं पाया। कहते हैं, ईश्वर बड़ा दयालु होता है। तो फिर ‘बाबू’ के साथ यह अन्याय क्यों?यह प्रश्न मेरे ही मन में नहीं, उन्हें जाननेवाले बहुत सारे लोगों के मन में उठता था। बाबू अजातशत्रु थे। शायद ही उनकी किसी से कभी दुश्मनी हुई होगी। मारवाडिय़ों में वे ‘भैयाजी’ नाम से लोकप्रिय थे। मुझे नहीं लगता कि ऐसी इज्जत किसी और ने कमाई होगी। यूपी वाले उन्हें ‘मुच्छड़’ कहते थे। मूछें उनके चेहरे पर खूब फबती थीं। लम्बा-चौड़ा कद, बड़ी-बड़ी आंखें और चेहरे का तेज और रोब बढ़ाती मूंछें। मूंछें शान, सम्मान और गरिमा की प्रतीक हैं तो ‘बाबू’ से ज्यादा मूंछों का हकदार शायद ही कोई हो। एक बात तो तय है कि अपने समाज में शायद ही फिर कोई ‘मुच्छड़’ हो। बात सिर्फ मूंछों की नहीं, वह उदारता, वह धर्म परायणता, वह करुणा कोई कहां से लाएगा?
‘बाबू’ सभी के अपने थे। यूपी से कोई भी आता, उसके लिए दिल और दरवाजे दोनों खोल देते थे। कितने लोगों को शरण दी, कितने लोगों के सहारा बने। कितनों को नौकरी-धंधे पर लगाया, अंगुलियों पर गिनना संभव नहीं है। मेेरे परिवार के लिए तो मसीहा ही थे।
आज उनके नहीं रहने की खबर पर यादों का एक बवंडर सा उठ रहा है। खबरों की दुनिया में जीने की आदत पड़ गई है लेकिन यह महज खबर नहीं है। कयोंकि वे सिर्फ तारकेश्वर नाथ तिवारी, ‘मुच्छड़’, ‘भैयाजी’ ही नहीं, ‘बाबू’ भी थे। ‘बाबू’ घावों पर मलहम थे, भूख लगने पर रोटी थे और थे एक विशाल बटवृक्ष जिसकी छांव जीवनपर्यंत नहीं भूल पाऊंगा।
उस महान आत्मा को शत-शत नमन् और श्रध्दांजलि।

Sunday, June 1, 2014

उत्तम प्रदेश बनता उत्तर प्रदेश

लगता है सपा सरकार उत्तर प्रदेश को उत्तम प्रदेश बनाकर ही दम लेगी। प्रदेश में बलात्कार के मामलों में जिस तरह से वृद्धि हो रही है, उससे तो यही लगता है कि सरकार एक खास वर्ग के लिए प्रदेश को उत्तम बना ही देगी। कुछ समय पहले सपा सुप्रीमो मुलायम सिंह ने 'लड़के हैं, गलती हो जाती हैÓ कहकर जो जमीन तैयार की थी, अब उसमें फसल लहलहाने लगी है। सरकार ने सूबे में इतना अनुकूल माहौल बना दिया है कि बलात्कार की घटनाओं की संख्या प्रतिदिन दस तक पहुंच गई है। इस मामले को लेकर प्रदेश के डीजीपी का हालिया बयान गौरतलब है। उन्होंने प्रदेश की जनसंख्या के लिहाज से इसे बेहद कम माना है। ऐसे में संभावना तो यही है कि माननीय मुलायम सिंह जी भी इससे खुश नहीं होंगे।
लोकसभा चुनाव के परिणामों के बाद मुख्यमंत्री ने कहा था कि सरकार के विकास कार्यों का समुचित प्रचार नहीं हो पाया। कहीं इस मामले में भी तो ऐसा ही नहीं हैं। सरकार ने जो अनुकूल माहौल बनाया है उसका लाभ लेने के लिए लोग इतनी कम संख्या में क्यों आगे आ रहे हैं। सूबे में बलात्कार के मामलों की संख्या का मुश्किल से दो अंकों में पहुंचना यह साबित करता है कि अभी भी लोगों में झिझक है। लगता है, अभी भी कुछ लोग कानून-व्यवस्था जैसी किसी चीज की मौजूदगी मान रहे हैं। जबकि बलात्कार के मामलों को लेकर सरकार का रवैया बिल्कुल स्पष्ट है। मुख्यमंत्री जी से एक महिला पत्रकार ने जब महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सवाल पूछा तो उन्होंने कहा कि आप तो सुरक्षित हैं न। मतलब यह कि जब तक एक भी महिला सुरक्षित है, सरकार नहीं मानेगी कि बलात्कार हो रहे हैं।
बलात्कार के मामलों में वृद्धि के लिए सरकार सिर्फ नागरिकों के उत्साह पर ही निर्भर नहीं है। पुलिसकर्मी भी इसमें सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं और भरपूर योगदान कर रहे हैं। बदायूं वाले मामले को ही देखिए, पांच आरोपियों में से दो पुलिसकर्मी हैं। फिर लोगों को किसका और कैसा भय है। इस तरह की घटनाओं से पुलिस की एक अलग पहचान बन रही है। सही भी है, पुलिसकर्मियों को यदि नाम कमाने का मौका मिलेगा तो वे पीछे क्यों रहेंगे। कानपुर में एक दारोगा ने भी कोशिश की लेकिन नागरिकों ने पिटाई करके उसके उत्साह पर पानी फेर दिया।
मालूम हो कि अभी पिछले साल ही सपा के एक विधायक महेन्द्र सिंह को गोवा में रंगरलियां मनाते हुए गिरफ्तार किया गया था। हो सकता है, इसके बाद राज्य सरकार को लगा हो कि प्रदेश में ही बेहतर माहौल बनाया जाना चाहिए। सरकार इसमें कामयाब हो रही है, इसमें किसी को शक नहीं होना चाहिए।

Monday, May 19, 2014

एक नए युग का सूत्रपात

चुनाव समाप्त हो गया । फोड़े की तरह दुखता  चुनाव। कांटों की तरह चुभता  चुनाव। टीवी खोलते डर लगता था। काट देने, बांट देने की बातें होती थीं। इतना भयानक, ऐसा डरावना चुनाव पहले तो नहीं देखा गया। जातियों का गणित था, मजहबों का खेल था। कोई कौम की भलाई के अलावा कुछ सोचने को तैयार नहीं था तो कोई जातिवाद की कीचड़ भरी राह पर चलने में ही अपना हित सुरक्षित मान रहा था। राजनीतिक दल वोट बैंक को सुरक्षित रखने की चालें चल रहे थे तो लोग हजार-हजार के नोट पर खुद को बदल रहे थे। आनेवाले चुनावों में क्या होगा, यह सोचकर ही सिर चकराता था। यह कैसा देश बना डाला हमने, जिसमें सब कुछ है लेकिन देश गायब है।
 

बहरहाल, कहते हैं, रात जितनी अंधेरी होती है, सुबह उतनी ही रोशन। चुनाव परिणामों ने सारी गंदगी साफ कर दी। जातियों के किले ढह गए। मजहबी राजनीति को लोगों ने दफना दिया। स्वतंत्र भारत के चुनाव में पहली बार यह साबित हुआ कि समाज को टुकड़ों में बांटकर राज करनेवाली ताकतें परास्त हो सकती हैं। तुष्टिकरण के सहारे फलने-फूलनेवाली पार्टियों का खात्मा हो गया। बंटा हुआ समाज ही इनकी जीत का कारण बनता रहा है। इस बार ऐसा नहीं हुआ। यह लोकतंत्र के लिए एक शुभ संकेत है।
 

ईमानदारी और देशभक्ति के जज्वे के साथ खड़े हुए एक आदमी ने  लोगों में ऐसा विश्वास पैदा किया कि सोच बदल गई। लोग छुद्रताओं से ऊपर उठे और कई स्यंभू नेताजीओं का किला ढह गया। जातीय राजनीति के छोटे-मोटे जीव जंतु ही नहीं, पूरा का पूरा हाथी ही साफ हो गया। लोगों ने तो जैसे भ्रष्टाचार के राजाओं को हराने की ठान ली थी तभी तो समर्थन की शर्त पर देश का खून चूसती आई कई पार्टियां खाता भी नहीं खोल सकीं।
 

निश्चित ही यह एक नए युग का सूत्रपात है। यह एक नई आजादी है। उम्मीद की जानी चाहिए कि जिन काराओं से देश मुक्त हुआ है अब वे फिर कभी देश को कैद नहीं कर पाएंगी। इसके लिए हमें जागरूक रहना पड़ेगा।    

Tuesday, February 4, 2014

ज्यों भैंसों के दिन फिरे

पुरानी कहावत है कि साल में एक बार घूरे के दिन भी फिरते हैं। उत्तर प्रदेश में इन दिनों भैंसों के दिन फिरे हुए हैं। चर्चा में हैं। तस्वीरें छप रही हैं, वीडियो दिखाए जा रहे हैं। भला हो मंत्री आजम खान साहब का, उन्होंने भैंसों को खबरों में ला दिया है। वैसे खबरों में वे स्वयं रहते हैं लेकिन इस बार उन्होंने भैंसों को आगे कर दिया है। आम तौर पर भैंस की  उपेक्षा ही होती है। लोग दूध उसी का लेते हैं लेकिन गाय के दूध को बेहतर बताते हैं। कम दूध देने के बावजूद लोग गाय को मां कहते हैं जबकि ज्यादा दूध देने के बावजूद भैंस उपेक्षित है, शोषित है। भैंस को बदशक्ल और बेवकूफ का पर्याय बना दिया गया है। यही नहीं, 'अक्ल बड़ी या भैंसÓ कहकर भैंस का मजाक भी उड़ाया जाता है। भैंसों के साथ भेदभाव का आलम यह है कि उनका पानी में जाना भी किसी को अच्छा नहीं लगता। काम बिगडऩे पर 'गई भैंस पानी मेंÓ जैसे मुहावरे इस्तेमाल किए जाते हैं।
 

बहरहाल, कल तक घोर उपेक्षा की शिकार भैंसों को उत्तर प्रदेश में पूरा सम्मान मिला और वह भी सार्वजनिक रूप से। यही नहीं, इन भैंसों की वजह से यूपीपी को भी अपना खोया गौरव हासिल करने का मौका मिला। पुलिस ने जिस तत्पररता व कर्तव्यपरायणता के साथ भैंसों को ढूढ़ निकाला उसकी जितनी भी तारीफ की जाए कम है। भैंसों को ढूढऩा आसान नहीं होता। क्योंकि सारी भैंसे एक जैसी होती हैं। ऐसे में मंत्रीजी की भैंस कौन सी है, यह पहचान कर पाना पुलिस के लिए टेढ़ी खीर रही होगी लेकिन साहब यह उत्तर प्रदेश की पुलिस है, हिम्मत नहीं हारी और भैंस को ढूढ़ निकाला। बताते हैं कि एसपी रैंक तक के अधिकारियों ने इसे एक चुनौती के रूप में लिया और यह साबित कर दिया कि कानून के हाथ लम्बे होते हैं। भैंसों के गायब होने से नाराज मंत्रीजी ने कुछ पुलिस वालों को लाइन हाजिर कर दिया। अब भैंसों के मिल जाने से जरूर उन्हें खुशी हुई होगी। अभियान दल के पुलिसकर्मियों को अगले साल पुलिस पदक मिल जाए तो किसी को आश्चर्य नहीं होना चाहिए। 
 

जो भी हो, इस घटना से भैंसों का सम्मान जरूर बढ़ गया। उत्तर प्रदेश में जो समाजवाद आया है, उसका लाभ भैंसों तक पहुंच गया है। भैंसें गदगद हैं। इस वक्त अगर भैंसों से पूछा जाए तो उनकी दिली तमन्ना यही होगी कि केन्द्र में अगली सरकार सपा की बने। देखना है,सरकार अपनी इस अनूठी उपलब्धि को मतों में बदल पाती है या नहीं। जैसे भैंसों के दिन फिरे, भगवान करें ऐसे ही सबके दिन फिरें।

Friday, January 10, 2014

सैफई, विकास और सुख की तलाश

कहते हैं, सुख  मनुष्य की शाश्वत खोज है। सुख की खोज ही मनुष्य के विकास का आधार बनी। सुख की खोज में ही उसने मंदिरों का निर्माण किया, संगीत सीखा, गिरि-कंदराओं में ध्यान लगाया, दुनिया जहान की सैर की। बम वर्षक विमानों से लेकर वियाग्रा तक मनुष्य ने जो कुछ बनाया, उसका कारण यही था कि वह निरंतर सुख की तलाश में था। विशेषकर, हमारे देश में सुख की तलाश सदियों से तीव्र गति से हो रही है। यह तलाश रुक गई होती तो दुनियाभर के क्रिकेटरों से लेकर सन्नी लियोन जैसी अभिनेत्रियों तक को रोजगार की तलाश में यहां आने की जरूरत नहीं पड़ती और हम किसी को मुंह दिखाने लायक नहीं रहते।

हमारे देश के विधायक
सुख की तलाश में विदेश गए तो कुछ लोगों के पेट में पता नहीं क्यों, मरोड़ उठ रही है। यह घोर ईष्र्या है। दूसरों की खुशी से पैदा हुई जलन है। आप भी जाइए, किसने रोका है। आदमी अपनी औकात के हिसाब सुख खोजता है। आम लोग देश में ही सुख खोजने के लिए विवश हैं। विधायकों को भी देश में ही सुख खोजना पड़े तो विधायक बनना ही व्यर्थ है। करोड़ों के खर्च के बाद तो आदमी, आदमी से विधायक बनता है। और फिर अब देश में सुख का माहौल ही नहीं रह गया है। बेचारे झांसाराम को लोगों ने गिरफ्तार करवा दिया। कहा जाता है कि कुटिया बना रखी थी जहां खुद भी खुशी  पा रहे थे और दूसरों को भी दिला रहे थे, लेकिन देश की पुलिस को क्या कहें, डंडा लेकर पीछे पड़ गई। गोवा में सपा के एक विधायक के साथ भी यही अपमानजनक व्यवहार हुआ। कुल मिलाकर तीन युवतियों के साथ पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। यह घोर सुख विरोधी माहौल है। आप ही बताइए, सत्ता पाकर भी यदि आदमी सुख नहीं भोगेगा तो सत्ता पाने का फायदा क्या हुआ।

यही वजह है कि अब देश में
सुख खोजने से विधायकों का मोहभंग हो चुका है। वे यहां रिस्क नहीं ले रहे हैं और विदेशों का रुख कर रहे हैं। वैसे भी बताया जाता है कि वहां ज्यादा बेहतर इंतजाम हैं। इतने तरह के मसाज आदि होते हैं कि आदमी को पैदा होने पर गर्व होने लगता है। अपने यहां हजार तरह की झंझट है। कर्नाटक में पहले विधायकों ने विधानसभा सत्र के दौरान मोबाइल पर सुख खोजने की कोशिश की थी, लेकिन कहा जाता है सुख तो ठीक से मिला  नहीं, उलटे लोगों ने हंगामा कर दिया। इसलिए इस बार विधायकों को मजबूर होकर विदेश का रुख करना पड़ा।सुख की ही तलाश में उत्तर प्रदेश के विधायक इन दिनों विदेश में हैं। यहाँ करोड़ों खर्च करके प्रदेश के विकास के लिए दो तरफा इंतजाम किए गए। या तो विदेश जाओ या सैफई। जो जवान हैं, ज्यादा शौकीन हैं और जिन्हें दौर पर दौर की जरूरत पड़ती है,वे दौरे पर हैं बाकी जो उम्रदराज हैं, उनके लिए सैफई महोत्सव का आयोजन किया गया। जिसमें माधुरी दीक्षित से लेकर नवोदित तारिकाओं ने ऐसे लटके-झटके दिखाए कि लोगों को सर्दी में गर्मी का एहसास हो गया। गर्मी भी ऐसी पैदा हुई कि बताया जाता है कि मुख्यमंत्री अब खुद माधुरी के साथ पिक्चर देखने के लिए खुद को तैयार कर रहे हैं। यहीं नहीं, उन्होंने माधुरी की फिल्म को करोड़ों की छूट भी दे दी। जो खुश होता है वही दूसरों को खुशी दे सकता है। मुख्यमंत्री खुश हैं और चाहते हैं कि माधुरी भी खुश हो जाए। मुख्यमंत्री से लेकर, मुख्यमंत्री को मुख्यमंत्री बनाने वाले पूर्व मुख्यमंत्री तक, छोटे-मोटे नेता से लेकर आला अफसर तक सभी ने भरपूर लुत्फ उठाया और मन ही मन जनता जनार्दन को धन्यवाद दिया जिन्होंने वोट देकर यह सुनहरा अवसर दिया।

सुख की खोज को सकारात्मक नजरिये से देखे जाने की जरूरत है।यह खोज वस्तुत: विकास के नए दरवाजे खोलेगी। आखिर जब मंत्री, विधायक खुद खुश नहीं होंगे तो दूसरों की खुशी के बारे में कैसे सोचेंगे। हताश, निराश और कुंठित लोग दूसरों का भला नहीं सोच सकते। वैसे भी यह कोई आम आदमी नहीं, नेता लोग हैं जिनके ऊपर बहुत बड़ी जिम्मेदारी है। अपनी जिम्मेदारी से मुंह मोडऩे के बजाय नेता लोग विदेशों की ओर मुंह कर रहे हैं तो इसमें बुरा क्या है।
 

 कुछ विघ्न संतोषी लोग मुजफ्फरनगर जैसी बेमजा घटनाओं का जिक्र करके रंग में भंग डालने की कोशिश कर रहे हैं लेकिन सरकार जानती है कि इस देश में जहां लगभग डेढ़ अरब लोग जिंदा हैं वहां 25- 50 लोगों की मौत कौन याद रखेगा। इससे भी ज्यादा भरोसा उसे इस जाति और उस मजहब के लोगों से है जो बरसों से उनके लिए सुख खोजने का पुख्ता इंतजाम करते रहे हैं। 

जहां तक उत्तर प्रदेश का सवाल है, वह निरंतर विकास कर रहा है। नेताजी सुभाषचंद्र बोस के बाद यदि कहीं कोई नेताजी पैदा हुए तो सिर्फ उत्तर प्रदेश में। अब आनंद के इस दौरे के बाद निश्चित ही विकास की गति तेज होगी। विदेश के दौरे से लौटने के बाद नेता देश को निराश नहीं करेंगे। खबरों पर नजर रखिए। जल्दी ही विकास की कुछ घटनाएं सुर्खियों में होंगी।

Wednesday, January 1, 2014

नया साल मंगलमय हो

नया साल मंगलमय हो
तन हो स्वस्थ, मन प्रसन्न हो।
घर में भरा धान हो, धन हो।

गूंजे गीत सदा खुशियों के
गीतों में नव सुर, नव लय हो।
नया साल मंगलमय हो।

मेहनत, हंसी, उमंग और आशा।
यही हो जीवन की परिभाषा।
दुर्गम राहों से न डरें हम
मुश्किलों पर सदा विजय हो।
नया साल मंगलमय हो।

Tuesday, December 17, 2013

समलैंगिकता पर सहमति यानी पशुवत जीवन का अधिकार

हाल ही सुप्रीम कोर्ट ने समलैंगिक संबंधों के हिमायती लोगों की मांगों को अस्वीकार करके कानून की धारा 377 को बहाल कर दिया। अब देश में एक बहस छिड़ गई है कि समलैंगिकता अपराध है या नहीं। बहस इस बात को लेकर भी है कि समलैंगिकता व्यक्तिगत स्वतंत्रता व मानवीय अधिकार है। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी व देश के प्रधानमंत्री बनने का सपना देख रहे राहुल गांधी ने समलैंगिक संबंधों का समर्थन किया है, जो आश्चर्यजनक नहीं हैं। नैतिकता व मर्यादाओं को तार-तार करने में यह परिवार नेहरू के समय से ही आगे रहा है। उनकी रंगीनमिजाजी और अवैध संबंधों की ढेर सारी कहानियां अतीत के पन्नों पर दर्ज हैं। लेडी माउंटबेटेन  और सरोजनी नायडू की पुत्री पद्मा नायडू से उनके संबंध जग जाहिर रहे। बाद में उनकी पुत्री इंदिरा गांधी ने एक विधर्मी से विवाह किया। राजीव गांधी को भी विदेशी महिला ही भायी।
 

देश में समलैंगिकता को लेकर एक अजीब सा उत्साह देखा जा रहा है। कई गैर सरकारी संगठन हैं जो समलैंगिकों के तथाकथित अधिकारों के लिए सक्रिय हैं। इंनका तर्क है कि समलैंगिकता एक प्राकृतिक जरूरत है, जिसे मान्यता मिलनी चाहिए। वे स्टीव डेविस सहित दुनिया के कई प्रसिध्द समलैंगिकों का हवाला देते हैं और कहते हैं कि इन्हें मानसिक विकृत या बीमार कैसे माना जा सकता है। इनका तर्क यह भी है कि पूरी दुनिया की तरह भारत में भी समलैंगिकों की संख्या बढ़ रही है तो क्यों न इसे भारत में भी कानूनी व सामाजिक मान्यता मिल जाए। मेरा मानना है कि समलैंगिक आकर्षण एक मनोविकार के अलावा कुछ नहीं है और इसका उपचार किया जाना चाहिए। लेकिन यह उपचार तभी संभव होगा, जब समलैंगिक इसे उचित ठहराने के बजाय मानेंगे कि यह गलत है।
 

यह ध्यान रखना होगा कि जिन देशों में समलैंगिक संबंध तेजी से बढ़ रहे हैं वहां एड्स की महामारी भी तेजी से पांव पसार रही है।
 

चिकित्सकों के अनुसार गुदा मैथुन से मलाशय के नाजुक तंतु क्षतिग्रस्त हो जाते हैं जिससे कई कई गम्भीर बीमारियों की आशंका बढ़ जाती है- जिनमें  एड्स, सिफलिस, एचआईवी इंफेक्शन आदि शामिल हैं।
 

मैंने एक व्यक्ति के बारे में सुना था, जो पशुओं के साथ सेक्स का प्रयास करता था। कल यदि ऐसे ढेर सारे लोग हो जाएं और वे एकजुट होकर इसे सामान्य जरूरत बताने लगें और सामाजिक मान्यता की मांग करने लगें तो क्या होगा।
 

जहां तक पश्चिम का सवाल है, वहां समलैंगिकता की चपेट में नामी-गिरामी खिलाड़ी ही नहीं, राजनेता, साहित्यकार, प्रशासन में उच्च पदों पर बैठे लोग भी हैं। वहां समलैंगिकता एक फैशन की तरह नहीं पीढ़ी को अपनी गिरफ्त में ले रहा है। यूरोप के अधिकांश देशों में अब समलैंगिक संबंधों को सामाजिक मान्यता मिल चुकी है। भोग में संतुष्टि की तलाश में लोग एक ऐसी अंधेरी गुफा में उतर चुके हैं , जहां स्त्री  व पुरुष की जननेन्द्रिय  खिलौने के रूप में बेची-खरीदी जा रही है । मनुष्य व पशु के बीच का अंतर मिटाने की होड़ सी चल रही है। कुछ लोग जिनकी संख्या अब लाखों में पहुंच चुकी है, जो पश्चिम की इसी अपसंस्कृति से संस्कारित हुए हैं, चाहते हैं भारत में भी यही सब हो। ऐसे लोग अब अधिकार की बातें करने लगे हैं।
 

ऐसा नहीं कि समलैंगिकता हमारे देश में नहीं थी, समलैंगिकता आदिम युग से है लेकिन किसी भी सभ्य समाज में इसका समर्थन नहीं किया गया, यह सदैव त्याज्य रही।
 

आज देश में समलैंगिकों की संख्या 25 लाख से ऊपर हो चुकी है। कल को ऐसा न हो कि वोट बैंक के चक्कर में कोई पार्टी इनकी संख्या को अल्प मानकर इन्हें बेहतर सुविधाएं देने की घोषणा करने लगे। जिस देश में वोट बैंक के चक्कर में लोग आतंककारियों तक की हिमायत करते नजर आते हैं, वहां ऐसा हो जाए तो किसी को आश्चर्य नहीं होना चाहिए।
 

यदि हम सभ्य व स्वस्थ समाज के पक्षधर हैं तो समलैंगिकता को बढ़ावा देने की कोशिश का पुरजोर विरोध करना चाहिए। कम से कम भारत जैसे देश में जहां नैतिकता, सदाचार, सुसंस्कार जीवन के आधार हैं, वहां ऐसे सामाजिक अपराधों का कोई स्थान नहीं होना चाहिेए। जो ताकते समलैंगिकता को जीने के अधिकार से जोड़कर देख रही हैं उन्हें सबसे पहले जीना सीखना चाहिए। समलैंगिकता को बढ़ावा देना इस देश की जड़ों को काटने की कोशिश है, इसे स्वीकार नहीं किया जाना चाहिए। समलैंगिकता के आदी हो चुके लोगों पर डंडा बरसाने की नहीं, पूरी करुणा व सहानुभूति के साथ उनके उपचार की जरूरत है।

Monday, December 9, 2013

घर में शेर, दक्षिण अफ्रीका में ढेर

रविवार को दक्षिण अफ्रीका के साथ दूसरे वन डे इंटरनेशनल में 134 रन से हार के साथ ही एक बार फिर यह साबित हो गया कि तेज पिचों पर हमारे बल्लेबाज आज भी नौसीखिए हैं। भारत की सपाट, बल्लेबाजी के अनुकूल पिचों पर रनों का अम्बार लगानेवाले बल्लेबाजों की कलई तेज और उछाल भरी पिचों पर पहले से ही खुलती रही है। ऐसे पिचों पर ज्यादा चपलता, बेहतर फुटवर्क और तकनीकी दक्षता की जरूरत होती है। रविवार का मुकाबला डरबन की पिच पर था जिसे दुनिया की सबसे तेज पिच माना जाता है। यहां भारत लगातार हारता रहा है। वर्ष 92 में 39 रन से, 2006 में 157 रन से, 2011 में 135 रन से भारत हारा था।
साउथ अफ्रीका में इस सीरीज के पहले भारत कुल 25 एक दिवसीय मैचों में से 19 हार चुका है। यह हार तब हुई थी जब शतकों का शतक लगानेवाले भारतरत्न खेला करते थे। एक दिवसीय मैचों के आकड़ों पर नजर डालें तो पता चलता है कि यहां की तेज पिचों पर पहुंचते ही  उनका बल्ला खामोश हो जाता था। जब क्रिकेट के भगवान ही यहां पर पस्त होते रहे हैं तो बाकी खिलाडिय़ों को क्या दोष दिया जाए। 
दक्षिण अफ्रीका में एक दिवसीय मैचों में सचिन का प्रदर्शन खुद इसकी गवाही दे रहा है।       

       
7 dec-1992-                                                       R            B         4        6            SR
Tendulkar b McMillan                                    15            27      1         0        55.55

.....................................................................................................................................
9 dec-92
SR Tendulkar c †Richardson b Callaghan      10           36        0        0      27.77
 ......................................................................................................................................

11 dec-92
 SR Tendulkar c †Richardson b Mathews        22           24        2         0       91.66 

........................................................................................................................................
13    dec-92
     SR Tendulkar     c McMillan b  donald        21           44       1          0       47.72    

......................................................................................................................................
15 dec-92                                                              R            B         4         6        SR
SR Tendulkar     b de Villiers                             32           52        1          0      61.53     

........................................................................................................................................
17 dec-92-durbun
 SR Tendulkar     c Cronje b Pringle                  23           39         0          0       58.97 

........................................................................................................................................
19 dec-92
 SR Tendulkar     c †Richardson b Matthews    21         38         3         0       55.26    

.......................................................................................................................................
 23 JAN-97                                                           R           M        B     4     6        SR
 SR Tendulkar     b Pollock                                 0           12         4     0        0     0.00
..........................................................................................................................................
2-FEB-97
 SR Tendulkar     b Donald                                  1           14         14     0     0     7.14
...........................................................................................................................................
4 FEB-97
     SR Tendulkar     c Cullinan b Klusener         14         34          24     2     0    58.33

............................................................................................................................................
13 FEB-1997
    SR Tendulkar     c Bryson b Cronje                45          48         33     7     1  136.36
.............................................................................................................................................
5 OCT 2001
SR Tendulkar     c Gibbs b Kallis                     101        209        129     9     0   78.29
.............................................................................................................................................
10 OCT 2001
SR Tendulkar     c Nel b Ntini                           38            82        57     5     0    66.66
.............................................................................................................................................
19 OCT-2001

 SR Tendulkar     b Kallis                                  37         68      35      5     0    105.71
..............................................................................................................................................
26 OCT- DURBON
SR Tendulkar     b Hayward                               17     49     42     3        0      40.47
.............................................................................................................................................
22 nov 2006-durbon
SR Tendulkar     b Nel                                        35     79     51     5     0       68.62
.............................................................................................................................................
26 nov-                                                                   R     M    B    4      6         SR
SR Tendulkar     c Bosman b Pollock                  2     20     9     0     0          22.22
............................................................................................................................................
29 nov
SR Tendulkar     c †Boucher b Pollock             1     4     3     0     0             33.33
...........................................................................................................................................
3 dec 2006
SR Tendulkar     c de Villiers b Kemp               55     134     97     8     0  56.70
............................................................................................................................................
12 jan 2011 durbon                                               R      M     B     4      6         SR
SR Tendulkar     c Steyn b Tsotsobe                   7       16     11     0     0         63.63
............................................................................................................................................
15 jan 2011
SR Tendulkar     b Botha                                  24    78     44     2     0       54.54
...........................................................................................................................................

Saturday, November 23, 2013

सचिन तेंदुलकर या ब्रायन लारा -2


सचिन महलों में जलते हुए दीप थे तो लारा आंधियों के बीच जला चिराग। सचिन अनुकूल परिस्थितियों के शहंशाह थे तो लारा जटिलताओं से भरी विपरीत परिस्थितयों के योध्दा। दोनों महान खिलाडिय़ों में सर्वश्रेष्ठता के बारे में विचार करते हुए हमें दोनों की पृष्ठभूमि पर भी विचार करना होगा। 


लारा ने क्रिकेट खेलना शुरू किया तो महाशक्तिशाली वेस्टइंडीज का मजबूत किला ध्वस्त हो चुका था। महान खिलाड़ी विदा ले चुके थे । कभी जीतने का रिकार्ड बनानेवाली वेस्टइंडीज टीम हारने का रिकार्ड बनाने लगी थी। कई द्वीपों के खिलाडिय़ों को मिलाकर बनने वाली इस टीम में खिलाडिय़ों में मतभेद उभर कर सामने आने लगे थे। वेस्ट इडीज क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड बेहद गरीब बोर्ड है जहां पर खेले जानेवाली सीरिज विदेशी  कम्पनियां प्रायोजित करती हैं। जबकि भारत में क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड दुनिया का सबसे अमीर बोर्ड है, क्रिकेटरों पर मूसलाधार धन बरसता है। इसे क्रिकेटरों का स्वर्ग कहा जाए तो अतिश्योक्ति नहीं होगी। यहां सबसे ज्यादा स्टेडियम और करोड़ों क्रिकेटप्रेमी हैं। सबसे ज्यादा क्रिकेट मैच यहां खेले जाते हैं। यहां क्रिकेटर बन जाने का मतलब ही है शोहरत और दौलत के शिखर पर पहुंच जाना। यहां यह भी ध्यान देने योग्य है कि यह दुनिया का सबसे बड़ा बाजार भी है। जहां पेप्सी, कोकाकोला सहित विभिन्न अनावश्यक उत्पादों को बेचने के लिए कम्पनियां क्रिकेटरों, फिल्म स्टारों को करोड़ों रुपए देती हैं। जबकि वेस्टइंडीज में क्रिकेटरों की हालत दयनीय है। 

वेस्टइंडीज में क्रिकेटरों को बेहतर पैसा देने की मांग को लेकर ब्रायन लारा ने बोर्ड के समझ कुछ मांगे रखी थी जिस पर वेस्ट इंडीज क्रिकेट बोर्ड ने लारा सहित सभी खिलाडिय़ों को टीम से निकाल दिया था। वहां क्रिकेटर सिर्फ खिलाड़ी होता है यहां क्रिकेटर को लोग भगवान बना देते हैं। लारा को टीम का कप्तान बनाया गया था तो टीम के खिलाडिय़ों ने भी इसका विरोध किया था यहां यदि सचिन 138 गेंदों पर शतक बनाते हैं और भारत की हार का कारण बन जाते हैं तो भी कोई विरोध नहीं होता। 

लारा एक बेहद कमजोर टीम से खेले। अक्सर जब वे बल्लेबाजी करने उतरते तो वेस्टइंडीज टीम बेहद कम स्कोर पर दो विकेट गंवाकर संकट में होती। विपक्षी टीम जानती थी यदि लारा को आउट कर लिया तो टीम धराशायी हो जाएगी। ऐसा कई बार हुआ कि लारा के दोहरा शतक या शतक के बावजूद वेस्टइंडीज टेस्ट मैचों में बुरी तरह से हारी। बाकी सारे खिलाड़ी मिलकर भी लारा जितना रन नहीं बना पाते थे। लारा एक ऐसी टीम को जीत का स्वाद चखाते थे जो जीतने के काबिल नहीं थी। सचिन एक ऐसी टीम के साथ खेलते थे जिसका हारना मुश्किल था, जिसमें कई धुरंधर बल्लेबाज थे। सचिन मोहम्मद अजहरुद्दीन, गौतम गम्भीर, वीरेन्द्र सहवाग, राहुल द्रविड़, वीवीएस लक्ष्मण,सौरव गांगुली जैसे कई महान क्रिकेटरों के साथ खेले।
टेस्ट मैचों की बात करें तो सचिन, द्रविड़ या लक्ष्मण से बेहतर बल्लेबाज नहीं थे। वन डे मैचों में भी वे विराट कोहली से बेहतर बल्लेबाज नहीं थे।
(चित्र espncricinfo से साभार )

Saturday, November 16, 2013

सचिन तेंदुलकर या ब्रायन लारा- 1

आज टेस्ट क्रिकेट से भी सचिन के संन्यास लेने से भारतीय क्रिकेट के एक युग का अंत हो गया। सचिन को संन्यास ले लेना चाहिए या नहीं, जैसे ढेर सारे सवालों के उठने के बाद आखिर सचिन राजी हुए और उनकी अलविदा सीरिज के लिए वेस्ट इंडीज को बुलाया गया। प्रदर्शन के लिहाज से रसातल में पहुंच चुकी वेस्ट इंडीज टीम प्रतिद्वंद्वी के रूप में बच्चों की टीम साबित हुई और दोनों टेस्ट मैंचों को तीन दिन में ही हार गई और जीत के तोहफे के साथ सचिन की विदाई हुई। यह सीरिज हार-जीत से ज्यादा सचिन की विदाई के लिए आयोजित थी और सचिन को शानदार विदाई दी गई, जिसके वे हकदार भी हैं।

 सचिन दुनिया के सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाजों में से एक थे, इसमें दो राय नहीं। रहा सवाल सर्वश्रेष्ठ होने का तो इस पर विवाद होता रहा है। सचिन की तुलना ब्रायन लारा से होती रही है। सचिन या ब्रायन लारा। कौन है दुनिया का सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज। यह सवाल किसी भारतीय से पूछने पर जवाब तय है- सचिन। जिस क्रिकेटर ने 24 साल तक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेला हो, कुल मिलाकर सौ शतक बनाए हों, जिसका औसत टेस्ट मैचों में 50 से ऊपर हो, वह निश्चित ही महान बल्लेबाज है। टेस्ट मैचों को ही किसी बल्लेबाज की कुशलता की कसौटी माना जाता है। आस्ट्रेलिया के डान ब्रेडमैन को सर्वकालिक सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज माना जाता है। विवाद उनके बाद यानि दूसरे स्थान के लिए होता है।  

टेस्ट मैचों में औसत के हिसाब से लारा सचिन के लगभग बराबर हैं। सचिन का औसत जहां 53 हैं वहीं लारा का औसत 52 है। सचिन ने लारा से लगभग चार हजार रन ज्यादा बनाए हैं लेकिन उन्होंने 68 टेस्ट मैच ज्यादा खेले हैं, जिनमें उन्होंने 96 पारियां खेली हैं। लगभग छह साल पहले रिटायर हो चुके लारा का खेल भारतीय क्रिकेट प्रेमियों ने सचिन की तुलना में कम ही देखा है। इसके अलावा हमारे देश में क्रिकेट जिस भावुकता व भक्तिभाव से देखा जाता रहा है, उसमें सोच-विचार की गुंजाइश कम ही है। जिस देश में मीडिया ने सचिन को क्रिकेट के भगवान के रूप में चर्चित कर रखा हो, वहां उनसे बेहतर किसी को मानने के लिए कौन तैयार होगा। यही कारण है कि कोई भी क्रिकेटर जब लारा को बेहतर बताता है तो चर्चा शुरू हो जाती है और लोग ऐसी बातों को गलत साबित करने में जुट जाते हैं। 

लारा और सचिन एक दूसरे के प्रशंसक हैं और स्वयं लारा सचिन को बेहतर मानते हैं। यह इन दोनों खिलाडिय़ों की महानता है। यह अलग बात है कि विजडन ने टेस्ट क्रिकेट की 100 सर्वश्रेष्ठ पारियों में सचिन की एक भी पारी को शामिल नहीं किया जिसकी सचिन के भारतीय प्रशंसकों व भारतीय मीडिया ने भारी आलोचना की। इस पर विजडन का जवाब यह था कि जीत दिलाने वाली या जीत में अहम भूमिका निभानेवाली पारियों को ज्यादा महत्व मिला और सचिन की ज्यादातर अच्छी पारियां या तो ड्रा मैच में आई हैं या हारे हुए मैच में। रहा सवाल लारा का, तो उन्हें दूसरा स्थान मिला। आस्ट्रेलिया के खिलाफ बारबाडोस में चौथी पारी में उन्होंने 309 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए 153 नाबाद की पारी खेलकर वेस्टइंडीज को जीत दिलाई थी। इसमें आठ विकेट गिरने के बाद एम्ब्रोस व वाल्श के साथ बनाए गए 62 रन शामिल हैं। लारा के सामने दुनिया के सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज ग्लेन मैकग्राथ थे और उन्होंने उस टेस्ट मैच में 44 ओवर फेंके थे। सचिन या लारा की सर्वश्रेष्ठता की तुलना करते समय सचिन की आस्ट्रेलिया में खेली गई पारियों की मिसाल दी जाती है। यहां भी लारा सचिन से बेहतर दिखाई देते हैं। लारा ने आस्ट्रेलिया में 277, 226, 182, 132 रन की पारी खेली जबकि सचिन ने 241, 154, 153,148, 114,116 रन की सर्वश्रेष्ठ पारियां खेली हैं। यहां देखना होगा कि लारा ने दो दोहरे शतक बनाए हैं जबकि सचिन ने दो शतक ज्यादा लगाया है। यह ध्यान रखना होगा कि सचिन ने 68 टेस्ट ज्यादा खेले हैं। 

लारा ने टेस्ट मैचों में एक बार 375 व एक बार 400 रन बनाया है जबकि भारत में बल्लेबाजी के अनुकूल फ्लैट पिचों पर खेलने के बावजूद सचिन का टेस्ट मैचों में उच्चतम स्कोर बांग्लादेश के खिलाफ 248 ही रहा और इस दिग्गज बल्लेबाज की पूजा करने वाले भक्तों को इस बात का मलाल ही रह गया कि सचिन के नाम एक भी तिहरा शतक दर्ज नहीं हो सका। 

बहरहाल, टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेनेवाले सचिन की प्रतिभा, क्रिकेट और अपने लक्ष्य प्रति उनके अतुलनीय समर्पण को सलाम है।  आज ही सचिन को भारत रत्न देने की घोषणा हुई है। सचिन को बधाई लेकिन ध्यानचंद जैसे कई महान खिलाडियों ने क्या बिगाड़ा था। 
(सहमति या असहमति, विरोध या समर्थन, प्रतिक्रिया जरूर दें।

Sunday, November 3, 2013

दीप जलते रहें

दीप जलते रहें
 

धूप हो, छांव हो
शहर हो, गांव हो
शांति, सौहार्द के फूल खिलते रहें।

वक्त कैसा भी हो, आस टूटे नहीं
हौसलों का कभी साथ छूटे नहीं
राह कैसी भी हो
चाह ऐसी ही हो
बिन थके पांव आगे ही बढ़ते रहें।

मन से लेकर गगन तक अंधेरा न हो
कोई दूरी न हो, तेरा-मेरा न हो
सुबह खिलती रहे
शाम सजती रहे
सुकून के सुरमयी साज बजते रहें।

Saturday, November 2, 2013

पानी पिएं, स्वस्थ रहें

आज धनतेरस है। धनतेरस के दिन आयुर्वेदिक औषधियों के जनक धनवंतरि की पूजा का विधान है। स्वास्थ्य का महत्व धन से ज्यादा है। हैल्थ इज वैल्थ और पहला सुख निरोगी काया जैसी कहावतों में यही अर्थ छिपा है। धन का सदुपयोग तभी कर पाएंगे, जब स्वस्थ रहेंगे। उत्तम स्वास्थ्य व दीर्घ आयु न हो तो धन लेकर क्या करेंगे।

कुछ महीने पहले एक वैद्य जी से मुलाकात हुई। ७० से अधिक की उम्र में भी आंखों पर चश्मा नहीं था। स्वस्थ नजर आ रहे थे। जाहिर है, अपने औषधीय ज्ञान का उन्होंने भरपूर उपयोग किया था। उन्होंने स्वास्थ्य के लिए वाटर थेरेपी के कुछ सूत्र बताए।

उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य अच्छा रहे इसके लिए हर हाल में पेट साफ रखना चाहिए। इसके अलावा शरीर में वात, पित्त व कफ को संतुलित रखना चाहिए। वात, पित्त व कफ का संतुलन बिगडऩे पर ही शरीर में रोगों का प्रवेश होता है। सुबह उठने के बाद मुंह धोए बिना, खाली पेट पानी पीना चाहिए। एक या दो गिलास से शुरू करते हुए पानी की मात्रा को धीरे-धीरे दो लीटर तक ले जाना चाहिए। दो लीटर संभव नहीं हो तो एक लीटर पानी तो पीना ही चाहिए। पानी गुनगुना हो तो बहुत बढिय़ा। इससे पेट साफ हो जाएगा और कब्ज से मुक्ति मिलेगी। मुंह नहीं धोने का कारण यह है कि मुंह में बनने वाली लार प्रकृति का उपहार है, वह शरीर के लिए बेहद गुणकारी होती है।

उनका कहना था कि खाना खाने के कम से कम एक घंटे बाद ही पानी पीना चाहिए। पानी फ्रिज का न हो, इसका ध्यान रखा जाए और पानी हमेशा घूंट-घूंट पीना चाहिए। बिल्कुल वैसे ही जैसे जूस पिया जाता है। गर्मियों के दिनों में ठंडा पानी पीने की बहुत इच्छा हो तो मटके का पानी पीना चाहिए, अन्यथा गुनगुना पानी सर्वोत्तम है।

इन सूत्रों को अपनाकर देखें और बेहतर स्वास्थ्य पाएं।
सर्वे भवंतु सुखिन: सर्वे संतु निरामया। धनतेरस और दीपोत्सव की शुभकामनाएं।

Friday, October 25, 2013

नथली से टूटा मोती रे

वर्ष 2003 में अक्टूबर की एक शाम। बेंगलूरु के आसमान पर जमे बादल सुरमई शाम को भिगो रहे थे। चौड़य्या मेमोरियल हाल में 8 4 वर्षीय मन्ना दा की ऊंगलियां हारमोनियम पर थिरक रही थीं और उनकी जानी-पहचानी आवाज सभागार में तैर रही थी। लोग सम्मोहित थे। आधुनिक गीत-संगीत से उकताए लोगों के लिए यह एक यादगार शाम थी। 'ऐ मेरे प्यारे वतन, 'कस्मे वादे प्यार वफा, 'ऐ मेरी जोहराजबीं, 'यारी है ईमान मेरा, 'झनक-झनक तोरी बाजे पायलिया, जैसे ढेर सारे गीतों का गवाह बना सभागार और कृतकृत्य हुए श्रोता। शास्त्रीय संगीत के अनुशासन में निखरी, मन्ना दा की आवाज की कशिश और उसका जादू श्रोताओं के सिर चढ़कर बोला था।
मध्यांतर के दौरान मन्ना दा से बातचीत हुई तो पता चला कि अपने सुरों की तरह ही उनमें सरलता है, जीवंतता है और एक तरोताजा प्रवाह है। बातचीत में उन्होंने फिल्मी गीतों के गिरते स्तर पर चिंता जताते हुए कहा था कि इसके लिए नई पीढ़ी जिम्मेदार है। जो जीच बिकती है, बेचने वाला तो वही बेचेगा लेकिन लोगों को चाहिए कि गुणवत्ता से समझौता नहीं करें। जो स्तरहीन है, उसे नकार दिया जाना चाहिए। फिल्मी दुनिया में अपनी लोकप्रियता का श्रेय उन्होंने संगीतकार शंकर-जयकिशन को दिया था और मेहंदी हसन को अपना पसंदीदा गायक बताया था।
मन्ना डे उर्फ प्रबोध चंद्र डे उस दौर के गायक थे जब फिल्मी गीतों का जीवन से गहरा जुड़ाव था। घर-आंगन से लेकर खेत खलिहान तक रेडियो बजता था और गीत तन्हाई में हमसफर, बेचैनी में शुकून और उल्लास के क्षणों में साथी बन जाया करते थे। मन्ना दा के शास्त्रीय संगीत की साधना में तपे हुए सुरों में आकाश जैसी ऊंचाई थी तो पाताल जितनी गहराई भी। यही कारण है कि जितनी विविधता उनके गाए गीतों में है, उतनी अन्य गायकों में कम ही है।
उस्ताद बादल खान और चाचा कृष्णचंद्र डे और बाद में उस्ताद अब्दुल रहमान खान और उस्ताद अमन अली खान से मिले शाीय संगीत के संस्कारों को उन्होंने सीने से लगाए रखा। शाीय संगीत के साथ ही रविन्द्र संगीत की तरलता भी उन्हें विरासत में मिली थी। 'पूछो न कैसे मैंने रात बिताई (राग अहीर भैरव-फिल्म मेरी सूरत तेरी आंखें), 'तू प्यार का सागर है (राग दरबारी फिल्म सीमा), 'झनक-झनक तोरी बाजे पायलिया (राग दरबारी, फिल्म मेरे हुजूर), 'लागा चुनरी में दाग (फिल्म दिल ही तो है-राग भैरवी) जैसे ढेर सारे रागों पर आधारित गीत हैं जो मन्ना दा की आवाज पाकर अमर हो गए।
गीत महज शब्द नहीं होते। उनके पीछे भावों का माधुर्य, अनुभूतियों की जीवंतता जरूरी है। यही मन्ना दा की खासियत थी। उनके गाए गीतों में भाव जी उठते थे। तभी तो 'कसमें वादे प्यार वफा सुनकर स्वर साम्राज्ञी लता मंगेशकर की आंखें छलक पड़ी थीं। फिल्म आनंद में राजेश खन्ना पर फिल्माया गया गीत 'जिंदगी कैसी है पहेली हाए आज भी लोकप्रियता की पायदान पर काफी ऊंचे है। मन्ना दा की आवाज में यह गीत सुनकर लगता है जैसे लहरें समंदर के किनारों से गुफ्तगू कर रही हों और जीवन का फलसफा सुना रही हों। लाखों लोग हैं जो 'मेरा नाम करेगा रोशन सुनते-सुनते जवान हुए हैं उनके लिए मन्ना दा की आवाज बचपन में पिए गए दूध की तरह पोषण करनेवाली या पिता के कंधे पर बैठकर दुनिया देखने जैसी यादगार है। मन्ना 'दा के अधिकांश गीत जिंदगी के साज पर छेड़े गए तराने हैं। फिल्म सफर में लहरों का सीना चीरते हुए आगे बढ़ता मल्लाह जब गाता है, 'नदिया चले चले रे धारा.... तुझको चलना होगा तो लगता है जैसे जिंदगी आवाज दे रही है। 'दो बीघा जमीन का गीत 'अपनी कहानी छोड़ जा कुछ तो निशानी छोड़ जा जैसे कई गीत हैं जो जिंदगी से वैसे ही बावस्ता हैं जैसे दिल के साथ धड़कन। यह गीत लोगों की जुबान पर चढ़े और दिल में उतर गए। 

भक्ति गीतों की बात करें तो 'तू प्यार का सागर है तेरी इक बूंद के प्यासे हम आज भी एक ऐसे भावलोक में ले जाता है जहां दीन-हीन, भक्त पूरी श्रध्दा व समर्पण से भगवान के समक्ष नतमस्तक है। फिल्म 'तीसरी कसम में 'चलत मुसाफिर मोह लियो रे गीत याद आता है। लोकगीतों की ठेठ जमीन से जुड़ी मिठास, खनक और गंवई उल्सास सुरों में ढाल पाना सिर्फ मन्ना दा के ही बस की बात थी। 
मन्ना दा ने शास्त्रीय गीतों के अलावा हल्के-फुल्के गीतों को भी उसी खूबसूरती से गाया। 'जोड़ी हमारा बनेगा कैसे जानी जैसे कई गीत हैं जो हास्य अभिनेताओं पर फिल्माए गए और बेहद लोकप्रिय हुए। 
 उनकी हर महफिल में एक गीत जरूर बजता था। यह मन्ना दा का सबसे पसंदीदा गीत था। प्रथम मिलन के विभिन्न रंगों को जिस खूबी से इस गीत में  सजाया गया है वह दुर्लभ है। मधुकर राजस्थानी के लिखे इस गीत के बोल हैं सजनी... नथली से टूटा मोती रे, कजरारी अंखियां रह गईं रोती रे। आज ऐसा लगता है जैसे सचमुच संगीत की नथली का एक मोती टूट गया और अंखियां बस रोती रह गईं।

Wednesday, October 23, 2013

देश सोना खोज रहा है

अजीब लोग हैं,  उन्नाव में सोने के लिए खोदाई हो रही है तो परेशान हैं और जब खोदाई नहीं हो रही थी, तब भी चिंता में घुले जा रहे थे। पहले कह रहे थे कि सरकार हजारों टन सोने की तरफ ध्यान ही नहीं दे रही है और अब कहते हैं यह महज अंधविश्वास को बढ़ावा देना है।
सोने के भंडार की खबर क्या चली, कोयला घोटाला, आसाराम सब पीछे छूट गए। लोगों की दिलचस्पी अगर किसी चीज में है तो सिर्फ सोने में। क्या सोना मिलेगा, यही प्रश्न अखबार के संपादक से लेकर सब्जी के दुकानदार तक के भेजे में घुसा पड़ा है। ज्यादातर लोग इस प्रश्न का सीधा जवाब देने के बजाय बीच के रास्ते पर चल रहे हैं। वे कहते हैं, ईश्वर चाहें तो कुछ भी संभव है। यानी की सोने का मिलना भी और ना मिलना भी।
सोना दिलोदिमाग पर छाया हुआ है। लोग टीवी पर सोने को चमकता देखना चाहते हैं और चाहते हैं कि अखबार के पहले पेज पर भरपूर सोना दिखाई दे। सपने में दिखा यह सोना लोगों की जागती आखों में सुनहले सपने सजा रहा है । फिर देश में कई शहरों में ऐसी खबरें आईं कि अमुक व्यक्ति को सपने में अमुक स्थान पर सोना दिखाई दिया। होड़ मच गई। कई लोगों ने तो छुट्टी लेकर भरपूर नींद लेने की कोशिश की, क्या पता उन्हें भी कहीं सोना दिखाई दे जाए।


पूरे देश में जैसे सोने की लहर है। लोग सोने के  बारे में सोच रहे हैं, सोने को लेकर बातें कर रहे हैं और सोने के सपने देख रहे हैं। जय हो सपने देखनेवाले बाबाजी की। उन्होंने देश को कहां से कहां पहुंचा दिया। एक ही झटके में देश ने कितना विकास कर लिया। कल तक जो लोग प्याज देखने के लिए लालायित थे, आज सोना देखने के लिए उत्सुक हैं। कल तक हालात और थे। तमाम कोशिशों के बावजूद सपना था कि रोजी-रोटी, मकान, बिटिया की शादी, पुत्र की नौकरी  से आगे बढऩे के लिए तैयार ही नहीं था। आज वह सोने से कम पर राजी ही नहीं है।

वैसे भी इस देश का सोने से बड़ा गहरा और पुराना रिश्ता है। तभी तो यह सोने की चिडिय़ा कहा जाता था। कई लुटेरों ने तो सोना पाने के लिए ही बार-बार आक्रमण किया और लूटकर चलते बने। मनोज कुमार ने भी वर्षों पहले इस देश की विशेषता बताते समय कहा था कि यहां की धरती सोना उगलती है। अब लोग धरती के पेट में ऊंगली डालकर सोना उगलवाना चाहते हैं तो इसमें आश्चर्य क्या है?
यही सोचते-सोचते मैं बड़ी मुश्किल से सोया और एक भयानक सपना देखकर मेरी आंख खुल गई। मैंने देखा कि सोने की चमक बदलते-बदलते लोभ के काले रंग में बदल गई। हमारा चेहरा बदरंग होता जा रहा था और विवेक कहीं दूर खड़ा हंस रहा था।

Thursday, October 10, 2013

वाह रे! झांसाराम

लोगों को कल्याण व मुक्ति की राह दिखाने के नाम पर बाप-बेटे किशोरियों से बलात्कार करते रहे और लोग उनके समक्ष नतमस्तक होते रहे। जय राम जी की।

आज भी किन्हीं मंघाराम जी का फोन आता है। बेहद गुस्से में हैं। कहते हैं बापू के बारे में ऐसी खबरें मत छापिए। यह झूठ है, उन्हें बदनाम करने की साजिश है। मंघाराम जी आस्था से भरे हुए हैं। ज्यादा पढ़े-लिखे नहीं लगते। धर्म व अध्यात्म के बारे में उनका ज्ञान अंधश्रद्धा से शुरू होता है और वहीं खत्म हो जाता है। तर्क व सोच-विचार के सवाल पर उखडऩे लगते हैं। कहना चाहता हूं कि झांसाराम और फांसाराम जैसे लोगों को बलात्कारी बनाने में आप जैसे लोगों का बहुत बड़ा हाथ है, लेकिन कह नहीं पाता। बुजुर्ग हैं, व्यथित हैं। उनके मन को और ठेस पहुंचाना ठीक नहीं।

सच तो यह है कि इन दोनों ने इस देश में सदियों से संचित, पोषित, पूजित   संस्कृति  के साथ बलात्कार किया है, आस्था को लूटा है, आशा और विश्वास को ठगा है। दुनियाभर में 425 से अधिक आश्रम खोल दिए, 50 से अधिक गुरुकुलों की स्थापना कर दी और देश में हजारों एकड़ जमीन पर कब्जा कर लिया। वाह रे! झांसाराम।

अभी भी ऐसे लोग हजारों की संख्या में (हो सकता है लाखों में हों) हैं जो झांसाराम को अपना उद्धारक मानने के लिए बेताब हैं। उधर, झांसाराम भी देश के सबसे महंगे वकील के सहारे बच निकलने की कोशिश में हैं। झांसाराम को एक बार रू-ब-रू सुनने का मौका मिला था, तेल-फुलेल बेचनेवाले एक मदारी से ज्यादा कुछ नहीं लगे। उन्हें पांच मिनट भी सुनना मुश्किल लगा। उनके भक्तों में कुछ ऐसे लोग भी मिले जो मानते  हैं कि उनकी दुकान इन्हीं के आशीर्वाद से ही चल रही है या उनका कारोबार इन्हीं की कृपा से ही चल रहा है। जय राम जी की।

ऐसे लोग उन्हें बापू कहते हैं। बापू शब्द का ऐसा अवमूल्यन। ऐसे लोग हजारों की संख्या में हैं जो शब्दों की बाजीगरी, भाव-विह्वल होकर रोने-धोने की कला में माहिर हैं। लोगों के भोलेपन और अंधश्रद्धा के सहारे अपनी दुकान चमकाए जा रहे हैं। खुद अपनी राह का पता नहीं, दूसरों को भक्ति व ज्ञान की राह पर धकेल रहे हैं। अंधा अंधा ठेलिया दोनों कूप पड़ंत। जिस देश ने विश्व को गीता जैसा प्रकाश दिया, वहां ऐसी अंधेर। इतना घना अंधेरा। श्रीकृष्ण, भगवान महावीर, भगवान बुद्ध, संत कबीर, मीरा, नानक की भूमि पर ऐसे महिषासुर कब तक पैदा होते रहेंगे। मां दुर्गा इस बार दशहरा पर ऐसे राक्षसों का समूल सफाया करें और हमें विवेक दें। हमारी विवेकहीनता ही ऐसे लोगों की राह आसान करती है और जो इनसान कहलाने के काबिल भी नहीं हैं वे भगवान कहलाने लगते हैं।
विजयदशमी की ढेर सारी शुभकामनाएं।

Tuesday, October 1, 2013

लालू को जेल

राजनीति के अपराधीकरण की खबरों के बीच चारा घोटाला मामले में बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू यादव के जेल जाने  व मेडिकल एडमिशन फर्जीवाड़ा में कांग्रेस सांसद रशीद मसूद को सजा सुनाने की खबर राहत भरी है। ऐसा नहीं है कि इनके जेल जाने से राजनीति में बाहुबलियों का वर्चस्व कम हो जाएगा या भ्रष्ट राजनेताओं पर नकेल कस जाएगी, फिर भी यह विश्वास तो कहीं न कहीं मजबूत होता ही है कि अंत बुरे का बुरा और इस विश्वास को बनाए रखने की जरूरत है।
लालू यादव बिहार के आम आदमी के नेता बनकर उभरे और उन्होंने आम आदमी के विश्वास को उस्तरे से मूंडा। उनके शासनकाल में बेजोड़ प्रतिभाओं की भूमि बिहार की ऐसी दुर्गति हुई कि वह पिछड़ेपन का पर्याय बन गया। बिहार में उद्योग-धंधे ठप पड़ गए और अपराध हजारों रंग-रूप में खूब फला-फूला। राजनेताओं की छवि को रसातल में पहुंचाने और उन्हें फूहड़ और हास्यास्पद बनाने में लालू ने कोई कसर नहीं रखी थी। अपनी हास्यास्पद टिप्पणियों से उन्होंने राजनेता और नौटंकी के विदूषक के अंतर मिटा दिया था। इसी का परिणाम है कि लालू के नाम पर जितने चुटकुले बने, उतने चुटकुले किसी अन्य राजनेता के हिस्से में नहीं आए।
यह एक विडम्बना ही है कि चारा घोटाला मामले में न्याय होने में 17 साल लग गए लेकिन इससे इसका महत्व व प्रभाव कम नहीं हो जाता। रसीद का मामला तो इससे भी पुराना 1990-91 का है। तत्कालीन वीपी सिंह सरकार में स्वास्थ्य मंत्री रहे रसूद को अयोग्य उम्मीदवारों को सीटें आवंटित करने का दोषी ठहराया गया है। कानून के शासन के प्रति लोगों की आस्था बनी रहे उसके लिए जरूरी है कि न्याय में देर न हो।
आज स्थिति यह है कि लोग राजनीति में आना ही इसलिए चाहते हैं कि यहां सफलता का मतलब है लूट की छूट। यहां तक कि ग्राम प्रधान या शहरों में पार्षद बनने वाला ही लाखों कूट लेता है। लालू व मसूद के इस हश्र से राजनीति को धन बटोरने का जरिया मान चुके लोगों को एक संदेश तो मिला ही होगा कि राजनीति में लूट का मतलब हमेशा छूट नहीं होता। ऐसे लोगों की जगह सिंहासन नहीं, सीखचों के पीछे है।
ऐसे फैसले संतोषजनक तो हैं लेकिन हमें यह सुनिश्चित करना होगा कि फिर कोई 'लालूÓ नहीं बने। राजनीति के गंदे पानी में मगरमच्छों का जन्म न हो, इसके लिए एकाध मगरमच्छ का पकड़े जाना ही पर्याप्त नहीं है। आवश्यकता पूरे पानी को बदलने की है।